मुंबई :
मुंबई की एक अदालत ने मंगलवार को कथित वसूली के मामले में दो पुलिस अधिकारियों को सात दिन के लिए महाराष्ट्र के अपराध जांच विभाग की हिरासत में भेज दिया। इस मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह भी आरोपी हैं। विशेष सरकार वकील शेखर जगताप ने गिरफ्तार अधिकारियों की हिरासत की मांग करते हुए अदालत से कहा कि सिंह ने मुंबई पुलिस की ‘खराब छवि’ बनाई। सीआईडी ने इस मामले में सिंह के विरूद्ध गैर जमानती वारंट जारी करने की भी मांग की। अदालत बुधवार को अपना आदेश जारी कर सकती है। जगताप ने कहा कि परमबीर के ‘कारनामे’ से मुंबई पुलिस एवं अन्य की खराब छवि बनी है।
अदालतें पहले ही वसूली के दो अन्य मामलों में सिंह के खिलाफ वारंट जारी कर चुकी है। उनमें एक मामला मुंबई में और दूसरा ठाणे में दर्ज है। पुलिस निरीक्षक नंदकुमार गोपाले और निरीक्षक आशा कोरके को यहां मैरीन ड्राइव थाने में दर्ज किये गये वसूली के मामले में मंगलवार को अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिन मजिस्ट्रेट आर एम नर्लिकर के सामने पेश किया गया। ये दोनों पहले मुंबई की अपराध शाखा में तैनात थे। गोपाले फिलहाल खंडाला पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और कोरके नायगांव स्थानीय हथियार इकाई में पदस्थापित हैं।